Haryana Nikay Chunav Results 2025: हरियाणा में नगर निकाय और नगर निगम चुनाव के नतीजे आने शुरू हो गए हैं। अब तक के रुझानों में भाजपा को बड़ी बढ़त मिलती दिख रही है। अंबाला और करनाल में भाजपा ने मेयर पद पर जीत दर्ज कर ली है, जबकि कांग्रेस इस बार कमजोर नजर आ रही है।
भाजपा को मिल रही बढ़त, कांग्रेस पीछे
हरियाणा निकाय चुनाव की काउंटिंग बुधवार यानि आज सुबह 8 बजे शुरू हुई थी, जो अभी जारी है। ताजा रुझानों के अनुसार, भाजपा ने कई सीटों पर बढ़त बना ली है। सुबह साढ़े 11 बजे तक के नतीजों में अंबाला और करनाल में भाजपा ने मेयर पद पर जीत हासिल की है। रोहतक में भी भाजपा आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस फिलहाल पिछड़ती दिख रही है।
2 मार्च को हुआ था मतदान
हरियाणा में 2 मार्च को हुए नगर निकाय चुनाव में कुल 51 लाख वोटर्स में से करीब 46% ने मतदान किया था। इस बार गुरुग्राम, मानेसर, फरीदाबाद, हिसार, रोहतक, करनाल और यमुनानगर समेत कुल 7 नगर निगमों के महापौर और वार्ड सदस्यों के लिए मतदान हुआ था। इसके अलावा, अंबाला और सोनीपत नगर निगम के महापौर पद के लिए भी उपचुनाव कराए गए थे।
पार्टी सिंबल पर हुआ था चुनाव
इस बार कांग्रेस और भाजपा ने पार्टी सिंबल पर चुनाव लड़ा था और वोटिंग ईवीएम के जरिए कराई गई थी। कुल 9 नगर निगमों और 40 नगर निकायों के नतीजे आज घोषित किए जाएंगे। पानीपत नगर निगम में 9 मार्च को वोटिंग हुई थी, जिसके नतीजे भी आज ही आने वाले हैं।
मतगणना की पूरी तैयारी
राज्य निर्वाचन आयोग ने मतगणना के लिए पूरी तैयारियां की हैं। प्रदेश के कई इलाकों में शराब की दुकानों को बंद कर दिया गया है ताकि चुनाव नतीजों के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी से बचा जा सके।